प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
10 अक्टूबर, 2026
शीर्षक: मुंगेर प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में जमुई का शानदार प्रदर्शन, एथलेटिक्स में 25 पदक, बालिका रग्बी टीम बनी उपविजेता।
•सात बालिका खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय अगले चरण की प्रतियोगिता के लिए चयन, वॉलीबॉल, कबड्डी और फुटबॉल में भी जमुई के खिलाड़ियों ने बनाई जगह•
जमुई: मुंगेर प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में जमुई जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। एथलेटिक्स में बालक एवं बालिका वर्ग के विभिन्न आयु समूहों में जिले के खिलाड़ियों ने कुल 25 पदक हासिल कर जमुई का मान बढ़ाया है। वहीं, बालिका रग्बी फुटबॉल में अंडर-19 टीम उपविजेता बनी है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिले की सात बालिका खिलाड़ियों का चयन अगले चरण की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इसके अतिरिक्त, वॉलीबॉल, कबड्डी और फुटबॉल में भी जमुई के खिलाड़ियों ने चयन हासिल कर जिले की खेल उपलब्धियों में इजाफा किया है।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जमुई के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में उझंडी कुमार और राजू कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अभिषेक कुमार ने 300 मीटर दौड़, कुनाल कुमार ने 800 मीटर दौड़ तथा शाश्वत कुमार ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। शाश्वत कुमार ने 100 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान भी प्राप्त किया। अंडर-19 बालक वर्ग में सागर कुमार ने 100 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में प्रिंस कुमार ने 600 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान के साथ लंबी कूद एवं 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
बालिका वर्ग में भी जमुई की खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-19 वर्ग में तनु कुमारी ने शॉट पुट में द्वितीय तथा जेवलिन थ्रो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में सपना कुमारी ने 200 मीटर दौड़ में प्रथम तथा 400 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया। नीशा कुमारी ने 400 मीटर दौड़ में द्वितीय एवं 600 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रियंका कुमारी ने 400 मीटर दौड़ में द्वितीय, 600 मीटर दौड़ में तृतीय तथा जेवलिन थ्रो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 वर्ग में खुशी कुमारी ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम एवं ऊंची कूद में द्वितीय स्थान हासिल किया। राजनंदिनी कुमारी ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रश्मि कुमारी ने लंबी कूद में प्रथम स्थान हासिल किया।
रग्बी फुटबॉल में जमुई जिले की बालिका खिलाड़ियों ने विशेष उपलब्धि हासिल की। अंडर-19 बालिका टीम प्रतियोगिता में उपविजेता बनी। साथ ही, जिले की सात खिलाड़ियों का चयन आगामी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इनमें अंडर-19 वर्ग से अनुष्का शर्मा, दीक्षा कुमारी, अंशु कुमारी, सुहानी कुमारी और मंजुला कुमारी, अंडर-17 वर्ग से दीपिका कुमारी तथा अंडर-14 वर्ग से खुशी कुमारी शामिल हैं। चयनित सभी सात खिलाड़ी 12 से 14 अक्टूबर, 2026 तक बिहारशरीफ, नालंदा के दीपनगर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगी। खिलाड़ियों से आगामी मुकाबलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद है।वहीं, वॉलीबॉल में शुभम कुमार एवं अर्पित कुमार का चयन हुआ है। कबड्डी और फुटबॉल में भी जमुई की टीम ने अगले चरण के लिए जगह बनाई है। विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों की सफलता जिले में खेल प्रतिभाओं के विकास और बेहतर खेल वातावरण की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल के मार्गदर्शन में जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन में पारदर्शिता, निष्पक्षता और खिलाड़ियों को अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रतियोगिताओं के दौरान मैदान में लगातार उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों से उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिल रहा है। प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जमुई के खिलाड़ियों की उपलब्धियां इसी दिशा में उत्साहजनक परिणाम हैं।
जमुई जिले के खिलाड़ियों की इन सफलताओं से खेल जगत में उत्साह का माहौल है। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग को उम्मीद है कि आगामी प्रतियोगिताओं में भी जिले के खिलाड़ी अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल के बल पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे तथा जमुई को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगे।
77 views | Jamui, Bihar | Oct 10, 2026