प्रेस विज्ञप्ति
22 नवंबर 2026
शीर्षक: मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीड़ितों को न्याय एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डूमर पोखर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित।
जमुई: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आज झाझा प्रखंड अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र के डूमर पोखर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता श्री अशोक प्रसाद केसरी एवं पारा विधिक सेवक श्री अविनाश कुमार पांडे द्वारा किया गया। शिविर का मुख्य विषय 'मानव-वन्यजीव संघर्ष (HWC) के पीड़ितों के लिए न्याय तक पहुंच पर नालसा योजना, 2025' रहा।
शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता श्री अशोक प्रसाद केसरी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित उक्त योजना के उद्देश्यों एवं प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य वन-सीमावर्ती एवं जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले ऐसे लोगों को कानूनी, सामाजिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, जो जंगली जानवरों के हमलों के कारण जान-माल की क्षति, फसलों की बर्बादी अथवा मवेशियों की मृत्यु जैसी समस्याओं का सामना करते हैं। योजना के माध्यम से ऐसे पीड़ितों एवं उनके परिजनों को न्याय तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने योजना के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 12 के प्रावधानों के तहत पात्र एवं जरूरतमंद पीड़ितों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अतिरिक्त, मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में प्रभावित व्यक्तियों अथवा मृतक के आश्रित परिवारों को सरकार के निर्धारित नियमों के अनुरूप मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराने, उनकी कानूनी समस्याओं के समाधान तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पारा विधिक स्वयंसेवकों तथा वन एवं आपदा प्रबंधन विभागों के समन्वय से प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता के प्रति जागरूक किया जाता है।
पैनल अधिवक्ता ने बताया कि यह योजना भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार, अनुच्छेद 39A के तहत समान न्याय एवं निःशुल्क विधिक सहायता तथा अनुच्छेद 48A के तहत पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के संवैधानिक सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने आमलोगों से अपील की कि मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़ी किसी भी घटना की स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित विभागों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करें तथा उपलब्ध कानूनी सहायता एवं सरकारी राहत का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर वार्ड संख्या-02 के वार्ड पार्षद श्री हारो पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा इस महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाने की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान पैनल अधिवक्ता ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, दिनांक 12 दिसंबर 2026 के आयोजन की भी जानकारी दी। उन्होंने लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व से अवगत कराते हुए आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर सुलहनीय मामलों का त्वरित एवं सरल निपटारा कराने के लिए इसमें भाग लेने हेतु प्रेरित किया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
#CMSamrat
#samratchoudhary
Jamui, Bihar | Nov 22, 2026