रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात
जालौन में गूंजा ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का संदेश
जालौन। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को बड़ी सौगात दी। लखनऊ स्थित जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा सुविधा वाली ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया। साथ ही 27, 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने देखा। इस दौरान सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, कालपी विधायक के प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और महिलाएं मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। उपस्थित नारी शक्ति ने निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए साड़ी का वितरण भी किया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए शुरू की गई यह योजना वरिष्ठ माताओं के लिए बेहद उपयोगी होगी और उन्हें सामाजिक, धार्मिक व पारिवारिक यात्राओं में सुविधा मिलेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि रक्षाबंधन मातृशक्ति के सम्मान का भी पर्व है और इस अवसर पर निःशुल्क यात्रा की सुविधा सराहनीय कदम है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से देश की शक्ति और सुरक्षा के प्रति दृढ़ संकल्प सामने आया है, वहीं महिलाओं के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं उनके जीवन को सुगम और सशक्त बनाने का काम कर रही हैं। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ और रक्षाबंधन पर निःशुल्क बस यात्रा इसी संवेदनशील सोच का उदाहरण हैं।
Orai, Jalaun | Aug 26, 2026