सूर्यपुरा छठ घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन, बक्सर सांसद सुधाकर सिंह हुए शामिल
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट से आए आचार्यों ने कराई आरती, सांसद ने घाट के विकास के लिए दिया आश्वासन
सूर्यपुरा (रोहतास)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सूर्यपुरा छठ घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। छठ पूजा समिति सूर्यपुरा की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बक्सर सांसद सुधाकर सिंह शामिल हुए। उनके साथ बीडीओ तेज बहादुर सुमन, सीओ गोल्डी कुमारी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
छठ घाट पर व्रतियों द्वारा भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के बाद शाम करीब 6 बजे भव्य गंगा आरती शुरू हुई, जो लगभग 7 बजे तक चली। वाराणसी के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट से आए आचार्यों एवं पंडित दिव्यांश शर्मा ग्रुप द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती संपन्न कराई गई। आरती के दौरान पूरा घाट भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
इस अवसर पर बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने छठ घाट के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अपने सांसद निधि से घाट पर छतरी, लाइट की व्यवस्था कराने तथा तालाब में बैरिकेडिंग कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे।
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष छठ पूजा के अवसर पर सूर्यपुरा छठ घाट पर वाराणसी के दशाश्वमेध घाट से आए आचार्यों द्वारा भव्य गंगा आरती का आयोजन कराया जाता है। उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के दूसरे दिन सुबह भी छठ घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।
समिति की ओर से छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारियां की गई हैं। गंगा आरती के आयोजन से पूरा छठ घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।