गुलाबराय में होटल के पास दिखा लेपर्ड, दहशत में लोग, वन विभाग की सुस्ती पर उठे सवाल
रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से सटे गुलाबराय क्षेत्र में बीती मध्यरात्रि उस समय हड़कंप मच गया, जब होटल कस्तूरी इन के पास एक लेपर्ड खुलेआम चहलकदमी करता दिखाई दिया। लेपर्ड की गतिविधियां होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। आबादी और होटल के बेहद करीब लेपर्ड की मौजूदगी से स्थानीय लोगों और होटल कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से वन्यजीवों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन वन विभाग की ओर से ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लेपर्ड की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
होटल और आबादी के नजदीक लेपर्ड की लगातार दस्तक ने मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से महज निगरानी तक सीमित रहने के बजाय लेपर्ड की गतिविधियों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि विभाग की कथित सुस्ती कहीं किसी बड़े हादसे का कारण न बन जाए। #facebookviral#socialmedia #instagram #rudraprayag #uttarakhand #today