अशोकनगर शहर में मुख्य मार्गों का निरीक्षण
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के तहत हुई चालानी कार्रवाई
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय के निर्देशानुसार अशोकनगर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं मुख्य मार्गों पर कचरे का जमाव रोकने के उद्देश्य से प्रशासनिक टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्री इसरार खान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्री विनोद उन्नीतान एवं निकाय के अन्य कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
निरीक्षण मार्ग एवं पाई गई कमियां
प्रशासनिक टीम ने अशोकनगर शहर के राजमाता चौराहे से निरीक्षण प्रारंभ करते हुए रघुवंशी धर्मशाला होते हुए न्यू बस स्टैंड तक मुख्य मार्गों का जायज़ा लिया। न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 का उल्लंघन पाया गया, जिस पर त्वरित कार्रवाई की गई:
दुकानदार श्री सोनू नायक: दुकान के सामने डस्टबिन (कचरा पात्र) न रखने पर ₹500 का चालान किया गया। शराब व्यापारी श्री पीयूष राय: मदिरा दुकान के सामने अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर ₹5000 का चालान किया गया।
सख्त चेतावनी एवं निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपस्थित सभी व्यापारियों एवं आम नागरिकों को हिदायत दी गई कि कचरा खुले में या सड़कों पर न फेंकें।
प्रशासन की चेतावनी: एसडीएम श्री इसरार खान एवं सीएमओ श्री विनोद उन्नीतान ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति या व्यापारी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम (Solid Waste Management Rules) 2026 का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
#AshokNagar