मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर में आवेदनों के निराकरण के दिये निर्देश
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित
--
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत 07 अगस्त 2026 को जिले की तहसील मुंगावली के ग्राम पंचायत बीडसरकार में शिविर का आयोजन किया जायेगा। इस शिविर में सीएम हेल्पलाईन,लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से कराया जाए। मुंगावली सहित सभी विकासखण्डों में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों का आयोजन हेतु प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित कराई जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
बैठक में निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान कराना सुनिश्चित करें। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण किया जाए।साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में वरिष्ठ स्तर से स्वीकृति अथवा प्रस्ताव भेजना आवश्यक हो,बिना विलंब संबंधित कार्यालयों को प्रेषित किया जाए। उन्होंने शिविर दिनांक को अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जाए।
उद्योग संवाद का करें आयोजन
--
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों के दौरान उद्योग संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किये जाने के निर्देश दिए। उद्योग संवाद का उद्देश्य जिले के उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुडे हितग्राहियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं,सुझावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करना है। साथ ही उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करना है। शिविर में उद्योग स्थापना तथा स्वरोजगार के संबंध में जानकारी दी जायेगी।
जर्जर भवनों को करें ध्वस्त
--
जिले के स्कूल तथा आंगनवाडी भवन जो जर्जर स्थिति में है,उन भवनों को ध्वस्त किये जाने की कार्यवाही के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में बच्चों को जर्जर भवनों में न बैठाया जाए। संबंधित अधिकारी सब इंजीनियर के साथ मौके पर जाकर रिपोर्ट तैयार कर प्रस्ताव उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
केन्द्रीय मंत्री से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा
--
बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिये कि विभागों में लंबित आवेदनों का निराकरण यथाशीघ्र किया जाए। निराकरण हेतु वरिष्ठ कार्यालय से स्वीकृति अथवा बजट की आवश्यकता हो तो उसके लिए नियमानुसार कार्यवाही की जाएं।
बैठक में बच्चों की अपार आईडी बनवाये जाने के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश कलेक्टर ने डी.पी.सी को दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि बच्चों के आधार कार्ड के आधार पर अपार आई.डी. बनवाई जाएं।
बैठक में शासन स्तर से प्राप्त पत्रों तथा प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित समय सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री,लघुसिंचाई गणना,वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन,अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सोनम जैन,श्री विकास कुमार आनंद,एसडीएम अशोकनगर श्री इसरार खान, डिप्टी कलेक्टर श्री भुवनेश चौहान एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।
#ashoknagar