छठ महापर्व से पूर्व श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अमलोरी, निगाही, दनवा बाबा, सीडब्ल्यूएस कॉलोनी जयंत, बीटीसी जयंत एवं लेक पार्क विंध्यनगर सहित विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का लिया जायजा, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं अटूट श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा को जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से *पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री सर्वप्रिय सिन्हा (भा.पु.से.) द्वारा जिले के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अमलोरी, निगाही, दनवा बाबा, सीडब्ल्यूएस कॉलोनी जयंत, बीटीसी जयंत एवं लेक पार्क विंध्यनगर सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का भ्रमण कर पूजा स्थलों, घाटों तक पहुंच मार्गों, श्रद्धालुओं के आवागमन, वाहन पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों का अवलोकन किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, गहरे पानी वाले स्थानों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा संकेतक तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों से प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त घाटों के आसपास अनावश्यक वाहनों का प्रवेश नियंत्रित करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग सुनिश्चित कराने तथा श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री हेमंत कुमार, थाना प्रभारी नवानगर निरीक्षक श्री राजेंद्र पाठक, थाना प्रभारी विंध्यनगर निरीक्षक श्रीमती आराधना सिंह परिहार, चौकी प्रभारी जयंत निरीक्षक श्री पवन कुमार सिंह, सूबेदार श्री आशीष तिवारी सहित संबंधित थानों एवं चौकियों के पुलिस अधिकारी तथा अन्य पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।
सिंगरौली पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील छठ महापर्व के दौरान निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना करें, गहरे पानी में प्रवेश करने से बचें, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी पुलिसकर्मी से संपर्क करें।