बारिश ने छीना बुजुर्ग महिला का आशियाना, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान, प्रशासन से मदद की गुहार
मकान गिरने से मलबे में दबी 70 वर्षीय गुना बाई, पांच दिन अस्पताल में रहने के बाद लौटीं; अब रहने-खाने तक के लिए मोहताज
कई दिनों से हो रही बारिश के बीच रैपुरा कस्बे के हरिजन मोहल्ले में एक गरीब बुजुर्ग महिला का मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में घर के अंदर रोटी बना रही 70 वर्षीय गुना बाई बेवा बनवा चौधरी मलबे में दब गईं। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर महिला को मलबे से बाहर निकाला और परिजन उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैपुरा लेकर पहुंचे। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कटनी जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना 30 अगस्त की बताई जा रही है। कटनी जिला चिकित्सालय में करीब पांच दिन भर्ती रहने के बाद गुना बाई वापस अपने घर तो लौट आईं, लेकिन उनका आशियाना अब रहने लायक नहीं बचा है। हादसे में महिला के सिर में टांके आए हैं, जबकि कमर और पीठ में भी चोटें आई हैं।
मलबे में दबी है पूरी गृहस्थी
हादसे के कई दिन बीत जाने के बाद भी महिला के घर की स्थिति जस की तस बनी हुई है। मौके पर पहुंचे तो मकान का अधिकांश हिस्सा मलबे में तब्दील मिला और गृहस्थी का सामान आज भी उसी मलबे के नीचे दबा पड़ा है। हादसे के बाद महिला के सामने सबसे बड़ी समस्या रहने और खाने की खड़ी हो गई है।
अकेली रहती हैं बुजुर्ग महिला
गुना बाई की उम्र करीब 70 वर्ष है और वह अकेली रहती हैं। मकान गिरने के बाद उनके पास न सुरक्षित छत बची है और न ही गृहस्थी का सामान निकालने की कोई व्यवस्था। ऐसे में बारिश के मौसम में एक बुजुर्ग महिला का खुले में या असुरक्षित स्थान पर रहना चिंता का विषय बना हुआ है।
प्रशासन से मदद की गुहार
पीड़ित महिला ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि वह अकेली है और मकान गिरने के बाद उसके सामने रहने और खाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। महिला ने प्रशासन से मलबा हटवाने, गृहस्थी का सामान निकलवाने और रहने के लिए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि हादसे के बाद प्रशासन इस बेसहारा बुजुर्ग महिला की सुध कब लेता है और उसे राहत एवं पुनर्वास के लिए क्या सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
#raipura #panna #pradeshvarta #trending #LatestNews #viralvideo #viralreels #MadhyaPradesh