उरई में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बीए छात्र की मौत, आरोपी चालक फरार
उरई में सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय बीए प्रथम वर्ष के छात्र सत्यम सिंह की मौत हो गई। वह चुर्खी थाना क्षेत्र के रिनिया गांव का रहने वाला था और पटेल नगर में अपनी बड़ी बहन के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, सत्यम कोच बस स्टैंड से सामान लेकर बाइक से कमरे की ओर लौट रहा था। ठड़ेश्वरी मंदिर के पास सामने से तेज रफ्तार में आई एक बाइक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच जारी है।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 14, 2026