वृक्षारोपण अभियान में विद्यार्थियों को मिले सहजन के पौधे, वन विभाग ने स्वास्थ्य और पर्यावरण का दिया संदेश
उरई (जालौन): प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ में वन विभाग ने सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों को सहजन (मोरिंगा) के पौधे वितरित किए। इस अवसर पर बच्चों को पौधारोपण के महत्व के साथ सहजन के औषधीय और पौष्टिक गुणों की जानकारी भी दी गई।
मुख्य वन संरक्षक एच. गिरीश ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सहजन ऐसा पौधा है जो स्वास्थ्य और प्रकृति, दोनों के लिए बेहद लाभकारी है।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव ने कहा कि सहजन में विटामिन ए, सी, ई, कैल्शियम, आयरन, पोटैशियम और प्रोटीन जैसे आवश्यक पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसका नियमित सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, हड्डियों को मजबूत करने और शरीर को बेहतर पोषण देने में सहायक माना जाता है।
कार्यक्रम में उप प्रभागीय वनाधिकारी रवी मोहन कटियार, सुबोध कुमार शुक्ला, क्षेत्रीय वनाधिकारी ओम प्रकाश वर्मा, वन दरोगा सुनील कुमार, सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश उदैनिया, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Jul 14, 2026