आज दिनांक 22.09.2026 को पितृपक्ष मेला-2026 के मद्देनजर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, गया के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में विष्णुपद मंदिर परिसर, विभिन्न घाटों, सीता कुंड, खेल परिसर, गया कॉलेज, प्रेतशिला, अक्षयवट, गांधी मैदान टेंट सिटी, गया रेलवे स्टेशन टेंट सिटी एवं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति बस स्टैंड का भ्रमण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत तारों की स्थिति, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन हेतु आवश्यक सावधानियां बरतने का निर्देश दिया गया।
पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।