*संविधान जागरूकता महाअभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों में हुए विविध आयोजन*
---
*शासकीय अत्री देवी विद्यालय एवं SICA कॉलेज में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया संविधान के मूल्यों का संदेश*
---
*सांसद श्री शंकर लालवानी की पहल पर विद्यार्थियों को दिलाया जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प*
इंदौर, 28 नवम्बर 2026
भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सांसद श्री शंकर लालवानी की पहल पर सांसद सेवा संकल्प द्वारा तीन दिवसीय संविधान जागरूकता महाअभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय अत्री देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं SICA कॉलेज में संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
*शासकीय अत्री देवी विद्यालय में दिलाई संविधान की शपथ, वाटर कूलर किया समर्पित*
शासकीय अत्री देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों को आत्मसात करना और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। कार्यक्रम में चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन, स्वरचित गीत एवं लघुनाटिका प्रस्तुत की।
इस अवसर पर सांसद निधि से विद्यालय में स्थापित आरओ युक्त वाटर कूलर विद्यार्थियों को समर्पित किया गया। सांसद प्रतिनिधि एवं कार्यक्रम समन्वयक श्री कपिल जैन ने बताया कि सांसद श्री शंकर लालवानी की पहल पर विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सुविधा स्थापित कराई गई है। कार्यक्रम में पार्षद श्री जितेंद्र राठौर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री शौर्य मल्होत्रा, प्राचार्य श्रीमती कुसुम सैनी, श्री महेंद्र शर्मा सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
*SICA कॉलेज में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया संविधान के मूल्यों का संदेश*
SICA कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन, स्वरचित गीत एवं लघुनाटिका प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान की मूल भावना, भारतीय लोकतंत्र और देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संविधान के प्रति निष्ठा रखने, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय निदेशक श्री कार्तिक शास्त्री, डॉ. आर. श्रीधर, श्री के. गिरिधरण, श्री जी. रमेश, श्री सुरेश अय्यर, कॉलेज प्राचार्य श्रीमती गुंजन शुक्ला एवं श्रीमती सृष्टि सिसोदिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सांसद सेवा संकल्प के इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने तथा भारतीय संस्कृति एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#ConstitutionDay #Constitution #Indore #Awareness