*किसानों की समृद्धि और खुशहाली अपेक्स बैंक का लक्ष्य : अपेक्स बैंक प्रशासक श्री यादव*
----
*कम्पैल में इफको एम.सी. सेंटर और बुरानाखेड़ी में श्री विद्यासागर सुपर मार्ट का हुआ शुभारंभ*
----
*अपेक्स बैंक प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने किया शुभारंभ*
----
*किसानों को स्थानीय स्तर पर मिलेंगी आधुनिक कृषि सुविधाएं*
इंदौर, 28 नवम्बर 2026
सहकारी संस्थाओं को आत्मनिर्भर एवं बहुउद्देशीय बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश में निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज इंदौर जिले में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी संस्था मर्यादित, कम्पैल में इफको एम.सी. सेंटर का शुभारंभ मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट द्वारा किया गया।
इस पहल से किसानों को कृषि संबंधी आधुनिक उत्पादों एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। इफको एम.सी. सेंटर के माध्यम से किसानों को कृषि उपयोगी उत्पादों तक स्थानीय स्तर पर पहुंच बनाने में सुविधा मिलेगी तथा कृषि क्षेत्र में सहकारी संस्थाओं की भूमिका और अधिक सशक्त होगी।
इसी अवसर पर बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित, बुरानाखेड़ी में अपेक्स बैंक प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने श्री विद्यासागर सुपर मार्ट का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि किसानों की आय दुगनी हो एवं गांव-गांव खेत-खेत खुशहाली आए। किसानों की समृद्धि और खुशहाली अपेक्स बैंक का लक्ष्य है। अपेक्स बैंक सहकारिता एवं कृषि विभागों के साथ समन्वय कर इसी दिशा में प्रदेश भर में अभियान पूर्वक नई-नई गतिविधियां एवं योजनाएं क्रियान्वित कर रहा है। आज इंदौर में सुपर मार्ट की शुरुआत सहकारी संस्था की व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
श्री यादव ने कहा कि इंदौर की इन दोनों संस्थानों का शुभारंभ प्रदेश में सहकारिता के बदलते स्वरूप और बहुउद्देशीय सहकारी समितियों की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। अब सहकारी संस्थाएं केवल कृषि ऋण एवं खाद-बीज वितरण तक सीमित न रहकर कृषि सेवाओं, खुदरा व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण विकास में भागीदारी निभाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
---
#FarmersWelfare #Cooperation #MP #Indore CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh