मुजफ्फरपुर की 86 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित, मुखियाओं को डीएम ने किया सम्मानित
टीबी उन्मूलन अभियान में बेहतर काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को भी मिला प्रशस्ति पत्र, JOSH कार्यक्रम के तहत हुआ आयोजन
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को जिला सभागार में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत सम्मान समारोह एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्ष 2025 के दौरान टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जिले की 86 ग्राम पंचायतों के मुखियाओं को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी मुखियाओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया।
कार्यक्रम का आयोजन JOSH (Joint Squad for Health) के तहत किया गया। इस दौरान टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में बेहतर योगदान देने वाले मरवन, सरैया एवं बंदरा प्रखंड के MOIC, BHM, STLS और STS को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मोतीपुर के लैब टेक्नीशियन (LT), KHPT के डिस्ट्रिक्ट लीड और NTEP के डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त (DDC), सिविल सर्जन, DIO, DVDMO, CDO, DPM, DM&E, DAM सहित जिले के सभी प्रखंडों के MOIC, BHM, STS एवं STLS मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने में ग्राम पंचायतों और स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। इस तरह के सम्मान समारोह से जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को और गति मिलेगी।