माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा विद्युत अवसंरचना सुदृढ़ीकरण हेतु विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
समस्तीपुर, 14 जून 2026
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार श्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) की विभिन्न विद्युत अवसंरचना विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। राज्य में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, विश्वसनीय एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्युत परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लगभग ₹1274.03 करोड़ की लागत से पूर्ण एवं नई विद्युत परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इनमें लगभग ₹1269.26 करोड़ की लागत से पूर्ण की गई योजनाओं का उद्घाटन तथा लगभग ₹4.77 करोड़ की लागत वाली योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से विद्युत वितरण तंत्र का सुदृढ़ीकरण, उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाओं की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार तथा आधुनिक ग्राहक सेवा सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य के लगभग ढाई लाख परिवारों को सौर ऊर्जा से आच्छादित किया गया, जिससे स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिला है। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद भी स्थापित किया गया। संवाद के दौरान लाभुकों ने योजना के माध्यम से निःशुल्क सौर ऊर्जा की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया तथा योजना से प्राप्त हो रहे आर्थिक एवं सामाजिक लाभों की जानकारी साझा की।
माननीय मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार राज्य के सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से विद्युत व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। साथ ही उन्होंने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बिहार की बढ़ती भागीदारी को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर समस्तीपुर जिला अंतर्गत एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से माननीय विधायक कल्याणपुर श्री महेश्वर हजारी, माननीय विधायक समस्तीपुर सदर श्रीमती अश्वमेघ देवी, माननीय विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिलाधिकारी श्री सूर्य प्रताप सिंह, विद्युत अधीक्षण अभियंता श्री कुमार गौरव, कार्यपालक अभियंता श्री आनंद कुमार सहित विद्युत विभाग एवं जिला प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किए गए उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का अवलोकन किया तथा राज्य सरकार द्वारा विद्युत अवसंरचना के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग, विद्युत वितरण कंपनियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से समस्तीपुर सहित उत्तर बिहार के लाखों विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
18 views | Patna, Bihar | Jun 14, 2026