आज दिनांक 13.07.2026 को रोहतास समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों के लंबित कार्यों, अंतर्विभागीय समन्वय तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी के द्वारा उक्त समीक्षा बैठक में सर्वप्रथम विधि शाखा से प्राप्त प्रतिवेदन में लंबित CWJC/MJC वादों के निष्पादन की समीक्षा की गई। जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम, जिला सहकारिता पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी आदि से लंबित उक्त CWJC/MJC वादों में माननीय न्यायालय में प्रतिशपथ दायर करने हेतु निर्देशित किया गया।
इसके बाद सहयोग पोर्टल, जनता दरबार, CPGRAMS तथा सीएम डैशबोर्ड पर प्राप्त लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को त्वरित राहत मिल सके।
बैठक में कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, एलएईओ-01, पथ प्रमंडल रोहतास एवं बिक्रमगंज, पीएचईडी, लघु सिंचाई विभाग, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में भूमि उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं अपर समाहर्ता को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने और सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी ने भी सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों द्वारा भेजे गए पत्राचार के आधार पर भवन निर्माण एवं विकास योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी विभागों को अगली साप्ताहिक समन्वय बैठक में अपने विभाग की प्रमुख समस्याओं एवं अंतर्विभागीय सहयोग की आवश्यकता से संबंधित बिंदुओं पर प्रेजेंटेशन तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम, निदेशक डीआरडीए सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, आपूर्ति पदाधिकारी एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
#IPRD
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jul 13, 2026