आज दिनांक 13.07.2026 को मुख्य सचिव, बिहार सरकार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नये राशन कार्ड निर्गत करने हेतु सभी जिला पदाधिकारी को लक्ष्य निर्धारित करते हुए 13 अगस्त 2026 तक मिशन मोड में कार्य पूर्ण करने का निदेश दिया गया है। इस क्रम में रोहतास जिला अन्तर्गत कुल 29586 नये राशन कार्ड को निर्गत करने हेतु लक्ष्य निर्धारित किया गया।
जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा बताया गया कि प्राप्त निदेश के आलोक में दैनिक लक्ष्य को दोगुना निर्धारित करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को 13 अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने का निदेश दिया गया है।
विभागीय अधिसूचना संख्या 8815, दिनांक 19.11.2015 के आलोक में नये राशन कार्ड निर्गत करने हेतु पात्रता निर्धारित है, जो निम्न प्रकार है :-
1. ग्रामीण क्षेत्र : निम्नलिखित श्रेणी की गृहस्थियों पात्र नहीं होंगी (अपात्र) :-
* मोटर चालित तीन पहिया / चार पहिया वाहन रखने वाला परिवार।
* मोटर चालित कृषि उपकरण (ट्रैक्टर आदि) रखने वाला परिवार।
* परिवार का कोई सदस्य सरकारी सेवक हो।
* सरकार में पंजीकृत गैर-कृषि उद्योग / व्यवसाय वाला परिवार।
* परिवार का कोई सदस्य ₹10,000 प्रति माह से अधिक आय अर्जित करता हो।
* आयकर (Income Tax) देने वाला परिवार।
* व्यवसायिक कर (Professional Tax) देने वाला परिवार।
* तीन या अधिक कमरों वाला पूर्ण पक्का मकान (पक्की दीवार एवं पक्की छत ) रखने वाला परिवार।
* कम-से-कम एक सिंचाई उपकरण के साथ 2.5 एकड़ या अधिक सिंचित भूमि रखने वाला परिवार।
* दो या अधिक फसली मौसम हेतु 5 एकड़ या अधिक सिंचित भूमि रखने वाला परिवार।
* कम-से-कम एक सिंचाई उपकरण के साथ 75 एकड़ या अधिक भूमि रखने वाला परिवार।
2. शहरी क्षेत्र: निम्नलिखित गृहस्थियां पात्र नहीं होंगी :—
* स्वयं के स्वामित्व वाला तीन या अधिक कमरों का पक्का (कंक्रीट छतयुक्त) मकान।
* निम्नलिखित में से कोई संपत्ति रखने वाला परिवार
* दो पहिया वाहन
* रेफ्रिजरेटर
* वाशिंग मशीन
* चार पहिया वाहन या एयर कंडीशनर (1) रखने वाला परिवार।
उपरोक्त किसी भी अपात्रता श्रेणी में नहीं आने वाले परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत राशन कार्ड हेतु पात्र माने जाएंगे। नये राशन निर्माण हेतु आम जन संबंधित प्रखण्ड के प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी अथवा आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।
#IPRD
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jul 13, 2026