पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बड़वानी में बालिका किशोरावस्था कार्यशाला का आयोजन
बड़वानी 22 नवम्बर 2026/ पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय बड़वानी में प्राचार्य श्री कुंदन राठौर के मार्गदर्शन में छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं किशोरावस्था से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालिका किशोरावस्था शिक्षा का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। कार्यशाला में शिशु एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. चंदन सोनी स्वर्णकार की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनका स्वागत विद्यालय की बालिका एवं कला शिक्षिका आकांक्षा सिंह ने किया।
डॉ. चंदन सोनी स्वर्णकार ने छात्राओं को किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा भावनात्मक स्वास्थ्य के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले परिवर्तनों को सहजता से स्वीकार करने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने, उचित खान-पान अपनाने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, आत्मविश्वासी एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया। विद्यालय की कृति भार्गव, अनायज़ा फातिमा शेख, रिद्धि गडवाल,समृद्धि यादव ने अपने सवालों का जवाब जानकर जागरूक हुई
कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को सही जानकारी प्रदान कर उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना था। इस प्रकार के जागरूकता कार्यशाला छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय की काउंसलर प्राची राठौड़ ने विशेषज्ञ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े ऐसी कार्यशालाएं विद्यालय में निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि वे जागरूक, आत्मविश्वासी और सशक्त नागरिक बन सकें। कार्यशाला का सफलतापूर्वक समन्वयन विद्यालय की काउंसलर प्राची राठौड़, शिक्षिका श्वेता पंचोली और नर्स प्रिया जाधव ने किया ।
Barwani, Madhya Pradesh | Nov 22, 2026