फिरोजाबाद में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 43 ओवरलोड ऑटो का किया चालान, 2 सीज
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस टीम ने जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान जैन मंदिर, एटा चौराहा शिकोहाबाद एवं टूण्डला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर लगभग 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। ऑटो/ई-रिक्शा एवं ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं संचालित करने के निर्देश दिए गए।
मानक से अधिक सवारी बैठाकर चल रहे 43 ऑटो के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। 12 वाहनों से काली फिल्म उतरवायी गई, 183 वाहनों पर ओवर स्पीड में कार्रवाई हुई, साथ ही अन्य धाराओं में 702 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने पर 02 वाहनों/ऑटो रिक्शा को सीज किया गया। ड्रिंक एंड ड्राइव और नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन पर भी कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाएं, वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े करें, नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें और यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करें।
#FirozabadTrafficPolice #TrafficDrive #UPPolice #DDMNews
@DDM News