फिरोजाबाद में एंटी रोमियो टीम का धावा, 27 मनचलों पर कार्यवाही से मचा हड़कंप
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-05 अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान निरंतर जारी है।
अभियान के क्रम में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों ने प्रमुख चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर बालिकाओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।
जनपद में 27 शोहदों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की गई। खैरगढ़ में 2 के विरुद्ध धारा 170,126,135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई हुई, जबकि अन्य थानों अरांव, जसराना, एका, टूण्डला, दक्षिण, नसीरपुर, नारखी, पचोखरा, फरिहा, रजावली, रसूलपुर, सिरसागंज में चेतावनी देकर हिदायत दी गई।
इसके साथ ही काउंसलिंग के माध्यम से कुल 08 परिवारों का समझौता कराया गया। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा सादे वस्त्रों में प्रमुख स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी की जा रही है, ताकि छेड़छाड़ व आपत्तिजनक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एंटी रोमियो टीमों का अभियान लगातार जारी रहेगा।
#MissionShaktiPhase5 #FirozabadPolice #WomenSafety #UPPolice #DDMNews
@DDM News