शराब की दुकान हटाने को महिलाओं का उग्र प्रदर्शन, लाठी-डंडों से किया हंगामा; प्रशासन ने फिलहाल बंद कराई दुकान
#बलिया। जिले के बांसडीह क्षेत्र की घोघा चट्टी स्थित नवस्थापित देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन किया। हाथों में लाठी-डंडे और झाड़ू लेकर पहुंचीं महिलाओं ने दुकान के दरवाजों और खिड़कियों पर डंडे बरसाए तथा जमकर नारेबाजी की। स्थिति तनावपूर्ण होने पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि आबादी के बीच शराब की दुकान खुलने से गांव का माहौल खराब होगा और युवाओं पर इसका गलत असर पड़ेगा। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर गांव के पास शराब की दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी।
सूचना मिलने पर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली वार्ता के बाद भी महिलाएं दुकान हटाने की मांग पर अड़ी रहीं। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने अंतिम निर्णय होने तक शराब की दुकान को अस्थायी रूप से बंद कराने का आदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
Deoria, Deoria | Jul 26, 2026