*बारावफात को लेकर बस्ती में पुलिस-प्रशासन अलर्ट, नायब तहसीलदार और सीओ सिटी की मौजूदगी में कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 23 अगस्त 2026*
बारावफात (ईद-मिलाद-उन-नबी) के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्द के साथ मनाने के लिए बस्ती पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार शाम 4 बजे थाना कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक *नायब तहसीलदार सदर सुश्री आकांक्षा श्रीवास्तव* और *क्षेत्राधिकारी लाइन / सिटी कुलदीप सिंह यादव* के कुशल निर्देशन में हुई। इस दौरान *प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानंद* और *प्रभारी निरीक्षक पुरानी बस्ती शशांक शेखर राय* की मौजूदगी में दोनों थाना क्षेत्रों के मुस्लिम समुदाय के संभ्रांत नागरिकों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस ने सभी गणमान्य लोगों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की थी।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार आपसी भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए सभी को प्रशासन का सहयोग करना है। जुलूस निकालने के लिए पहले से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जुलूस में आयोजक अपने वालंटियर तैनात करें, जो भीड़ को नियंत्रित करें।
*पुलिस द्वारा जारी प्रमुख दिशा-निर्देश -*
जुलूस में किसी दूसरे धर्म, संप्रदाय या जाति के खिलाफ कोई भाषण या तकरीर नहीं होगी। निर्धारित रूट से ही जुलूस निकलेगा, कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। जुलूस में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, नाच-गाना और आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखा जाए। लाउडस्पीकर शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार ही बजेगा, बीमार और दिल के मरीजों का ख्याल रखा जाए।
अधिकारियों ने कहा कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों पर कड़ी नजर रहेगी और ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। सभी ने त्योहार को शांतिपूर्ण मनाने का संकल्प लिया।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश,
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 23, 2026