*कासगंज में शिवभक्ति और पुलिस सेवा का संगम: SP ओपी सिंह ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा, फल बांटकर लिया सुरक्षा का जायजा*
*कासगंज, उत्तर प्रदेश 23 अगस्त 2026*
श्रावण मास के अंतिम पडने पर सोमवार पर कासगंज में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस पावन अवसर पर *पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ0पी0 सिंह* खुद सड़क पर उतरकर शिवभक्तों के सेवक बन गए। एसपी ने थाना सोरों क्षेत्र के प्रसिद्ध *लहरा गंगा घाट, कांवड़ यात्रा रूट और कछला बैरियर चौकी* का सघन निरीक्षण किया।
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसपी कासगंज ने घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरीकेटिंग, खतरे के संकेतक, पर्याप्त पुलिस बल, फ्लड यूनिट, नाव और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। ड्यूटी पर लगे सभी अधिकारी/कर्मचारियों को ब्रीफ किया कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें।
सुरक्षा के साथ-साथ सेवा की मिसाल पेश करते हुए *एसपी ओ0पी0 सिंह* ने कांवड़ यात्रियों पर फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया और अपने हाथों से फल वितरण कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। एसपी के इस मानवीय व्यवहार से कांवड़ियों के चेहरे खिल उठे। निरीक्षण के दौरान एसपी ने यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, पार्किंग, विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई, चेंजिंग रूम और फूड सेफ्टी जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से अपील की कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए केवल निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। एसपी की इस सक्रियता से पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश,
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 23, 2026