हरितालिका तीज, ग्रीन डे एवं हिंदी दिवस के साथ हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ
जोगिंदर नगर/उमेश कुमार।
गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल झलवाण में आज हरितालिका तीज, ग्रीन डे एवं हिंदी दिवस का आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में हिंदी पखवाड़े का भी शुभारंभ किया गया।
हरितालिका तीज के उपलक्ष्य में विद्यालय में ग्रीन डे मनाया गया। नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के विद्यार्थी हरे रंग के परिधानों में विद्यालय पहुंचे। बच्चों ने हरी सब्जियों, फलों, पौधों तथा विभिन्न हरे रंग की वस्तुओं के आकर्षक कटआउट एवं चार्ट तैयार किए। विद्यार्थियों ने ब्रोकोली, ग्रीन कैप्सिकम, कीवी, ग्रीन एप्पल, लौकी, पालक, ग्रीन चिली, भिंडी, खीरा एवं तरबूज आदि के रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा में सुंदर कविताएं प्रस्तुत कीं। कविता प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों में LKG से सार्यांश, UKG से सरिष्टि, कक्षा दूसरी से रुहानी, कक्षा चौथी से आदित्य तथा कक्षा पहली से प्रियांशी शामिल रहे। सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।
वहीं विद्यालय की शिक्षिका शिवानी कटोच ने विद्यार्थियों को हरितालिका तीज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने हरितालिका तीज को हरियाली, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्रकृति की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
इसी अवसर पर विद्यालय में हिंदी दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
इस अवसर पर श्रीमती मोनिका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा, संस्कृति और भावनाओं से जुड़ी समृद्ध भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा का सम्मान करने तथा अपने दैनिक जीवन में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी भाषा पर गर्व करते हुए हिंदी के साथ-साथ अन्य भाषाओं का भी ज्ञान प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने विद्यालय में आयोजित होने वाले हिंदी पखवाड़े की विभिन्न प्रतियोगिताओं में सभी विद्यार्थियों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं हिंदी अध्यापिका श्रीमती बंदना कुमारी ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, साहित्य, परंपराओं और भावनाओं को जोड़ने वाली भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी का सही एवं सुंदर प्रयोग करने और हिंदी साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कक्षा आठवीं की कोमा ने हिंदी भाषा के विषय में अपने विचार प्रस्तुत किए और हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके संबोधन ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के प्रति सम्मान एवं रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। पूरे सप्ताह विद्यार्थियों के लिए हिंदी भाषा से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें निबंध लेखन, हिंदी प्रश्नोत्तरी, सुलेख लेखन सहित विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं प्रमुख रहेंगी।
विद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम एवं सम्मान, भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता तथा प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण की भावना विकसित करना है। विद्यार्थियों ने सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।