बस्ती में रक्षाबंधन का विराट उत्सव, तीन हजार के निमंत्रण पर उमड़ीं करीब दस हजार बहनें
मनीष भैया को राखी बांधकर बहनों ने जताया स्नेह, सभी को मिली साड़ी और नेग; बुजुर्ग माता के हाथों निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ
बस्ती, 26 अगस्त। अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में बुधवार को आयोजित रक्षाबंधन समारोह ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ मातृशक्ति के सम्मान का भव्य संदेश दिया। कार्यक्रम में करीब तीन हजार महिलाओं को आमंत्रित किया गया था, लेकिन मनीष भैया को राखी बांधने के लिए महिलाओं में ऐसा उत्साह नजर आया कि सुबह से ही आयोजन स्थल पर बहनों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते करीब दस हजार महिलाएं समारोह में पहुंच गईं।
समारोह में पहुंचीं महिलाओं ने मनीष मिश्रा को तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी और राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का प्रतीकात्मक पर्व मनाया। मनीष मिश्रा ने भी बहनों के इस स्नेह को सम्मानपूर्वक स्वीकार किया और उनकी आरती उतारी। आमंत्रित संख्या से कई गुना अधिक महिलाओं के पहुंचने के बावजूद आयोजन समिति की ओर से सभी के सम्मान और स्वागत की व्यवस्था की गई। करीब दस हजार बहनों को साड़ी और पारंपरिक नेग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हजारों महिलाओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया। इस दौरान महिलाओं ने राष्ट्रगीत को राष्ट्रगान के समान वैधानिक संरक्षण दिए जाने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके बाद प्रेक्षागृह का माहौल राष्ट्रवादी और राजनीतिक नारों से गूंज उठा। महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के समर्थन में नारे लगाए। इसके साथ ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और सांसद निशिकांत दुबे के समर्थन में भी जोरदार नारेबाजी हुई।
रक्षाबंधन समारोह के दौरान बस्ती के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत भी की गई। निःशुल्क एम्बुलेंस एवं चलित स्वास्थ्य सेवा का औपचारिक शुभारंभ एक बुजुर्ग माता के हाथों कराया गया।
बताया गया कि पहले एम्बुलेंस सेवा का उद्घाटन मनीष मिश्रा को करना था, लेकिन उन्होंने अंतिम समय में कहा कि इस सेवा का उद्घाटन बस्ती की किसी बुजुर्ग माता के हाथों होना चाहिए। इसके बाद समारोह में मौजूद एक बुजुर्ग महिला को यह सम्मान दिया गया और उनके हाथों एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ कराया गया।
यह चलित स्वास्थ्य सेवा बस्ती के ग्रामीण क्षेत्रों और गांव-गांव तक पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगी। शिविरों में रक्त जांच, मधुमेह जांच, नेत्र परीक्षण, प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यक निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। इसका उद्देश्य विशेष रूप से उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जिन्हें उपचार के लिए दूर जाना पड़ता है।
मनीष मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के संकल्प को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा का लाभ बस्ती के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक बिना किसी जाति, वर्ग या सामाजिक भेदभाव के पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिस तरह ‘रामजी का पेड़ा’ और ‘रामजी का झोला’ जैसी सेवा पहलों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया, उसी भावना के साथ निःशुल्क एम्बुलेंस और चलित स्वास्थ्य सेवा भी समाज के हर वर्ग के लिए उपलब्ध रहेगी।
रक्षाबंधन समारोह में उमड़ी महिलाओं की भारी भीड़ ने आयोजन को यादगार बना दिया। भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता, मातृशक्ति का सम्मान और जनसेवा की नई पहल—इन तीनों संदेशों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Manish Mishra GD Mishra GD Sanjay Gd Marbal Gd Mishra
Basti, Basti | Aug 26, 2026