सांची में विधायक डॉ चौधरी ने नेत्र शिविर का किया शुभारंभ
नेत्र परीक्षण उपरांत नागरिकों को निःशुल्क वितरित किए गए चश्में
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अंतर्गत बच्चों को खुराक भी पिलाई गई
------
------
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सांची में आयोजित नेत्र परीक्षण शिविर एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्री पप्पू रेवाराम भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों को कृमिनाशक दवा पिलाई गई। साथ ही नेत्र परीक्षण शिविर अंतर्गत नागरिकों, वृद्धजनों के नेत्रों का परीक्षण किया गया तथा निःशुल्क चश्में भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए शासन द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि इस तरह के अभियान जनसेवा के संकल्प को सार्थक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकार की योजनाओं, सेवाओं तथा कार्यों को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री ने बताया कि बच्चों में कृमि संक्रमण की रोकथाम के लिए कृमिनाशक दवा का सेवन कराया जाता है। कृमि संक्रमण से बच्चों में कमजोरी, एनीमिया, भूख में कमी तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कृमिनाशक दवा खिलाई जाती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाकर कृमि संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh Bhopal Commissioner Collector Office Raisen
Raisen, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026