शास.आईटीआई रायसेन में आयोजित हुआ विकसित भारत युवा पार्लियामेंट कार्यक्रम
’नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत विषय पर युवाओं ने रखे अपने विचार’
--------
--------
मेरा युवा भारत रायसेन, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आईटीआई कॉलेज रायसेन में विकसित भारत युवा पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ’“नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत”’ रहा, जिसमें जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।कार्यक्रम में प्रतिभागियों के विचारों, प्रस्तुति, विषय की समझ एवं अभिव्यक्ति के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन किया गया। निर्णायक मंडल में प्राचार्य श्री संतोष बहेल, श्री प्रदीप कुमार, श्री मिथुन यादव, श्री शिवम मिश्रा एवं श्री भगत रघुवंशी शामिल रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को निर्णायक मंडल द्वारा चयनित किया गया। पुरस्कारों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार श्री तरुण दुबे ने, द्वितीय पुरस्कार श्री आर्यन ठाकुर ने तथा तृतीय पुरस्कार श्री वेदांश चौबे ने प्राप्त किया। तीनों विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संसदीय लोकतंत्र की समझ विकसित करना, नेतृत्व क्षमता एवं विचार अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना तथा नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।