कृषि विभाग के संचालक श्री भार्गव ने सिलवानी क्षेत्र में प्रगतिशील किसानों के खेतों का किया भ्रमण
------------
------------
मप्र शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संचालक श्री उमाशंकर भार्गव द्वारा गत दिवस रायसेन जिले के विकासखण्ड सिलवानी में प्रगतिशील कृषक श्रीमती जानकी बाई/नर्मदा प्रशाद कुशवाहा ग्राम बेगवाकला में समन्वित कृषि का भ्रमण किया गया। जिसमें संचालक श्री भार्गव ने अरहर फसल प्रदर्शन का अवलोकन किया। उन्होंने कृषक से कहा कि अरहर की फसल में फलिया बन चुकी है, इस फसल का बीज बाजार में नहीं बेचना, आसपास के किसानों को बीज के लिए बाजार भाव से कुछ अधिक कीमत पर अधिक से अधिक किसानों को छोटे-छोटे पैकेट बनाकर अगली फसल के बीज के रूप में उपयोग करने के लिए देना।
कृषि विभाग के संचालक श्री भार्गव ने कृषक की मल्चिंग एवं ड्रिप में लगाई गई सब्जियों का अवलोकन किया, जिसमे कृषक उर्वरक की 70-80 प्रतिशत बचत करते हुए इसकी पूर्ति जीवामृत के माध्यम से करता है। कृषक ने कृषि विभाग से प्राप्त अनुदान से निर्मित बलराम ताल में पंगेशियस मछली पालन के साथ साथ तालाब के पानी से सब्जियों में सिंचाई कर रहा है। कृषक ने उन्नत नस्ल की तीन भैंस एवं दो गाय भी पाली है। पशुओं के हरा चारा काटने के लिए कटिया मशीन का उपयोग कर रहा है। आत्मा योजनान्तर्गत प्राकृतिक खेती मैं खाद के लिए जीवामृत व कीटनाशक के लिए दस्पर्णी आर्क का उपयोग किया जा रहा है।
कृषक द्वारा अपने पांच एकड़ के फॉर्म में खरीफ में धान रबी में गेहूं, सब्जियां, मेड़ों पर फलदार पेड़, बलराम तालाब में मछली पालन एवं सिंचाई कर रहा है। गाय एवं भैंस का दूध बेचकर अतिरिक्त आय के साधन से अपने संयुक्त परिवार का अच्छी तरह से भरण पोषण के साथ-साथ अपने तीन बेटों की पढ़ाई पूर्ण कर शासकीय नौकरी में भी लगा चुके हैं। उक्त कृषक को एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए वर्ष 2023-24 में विकास खंड स्तरीय सर्वाेत्तम कृषक पुरस्कार के रूप में ₹10000 नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र द्वारा सम्मानित किया गया है।
संचालक श्री भार्गव द्वारा शासकीय कृषि प्रक्षेत्र सिलवानी का भी भ्रमण किया गया। उन्होंने आत्मा योजना अंतर्गत दिए गए बायो डाइजेस्टर की सराहना की। फार्म में जीवामृत बनाकर फसलों में उपयोग किया जा रहा है एवं संचालक द्वारा प्रक्षेत्र अधीक्षक रघुवीर सिंह कुशवाहा से प्रक्षेत्र से संबंधित उत्पादन उत्पादकता एवं बीज उठाओ व बोनी की जानकारी ली। प्रक्षेत्र पर उपलब्ध सीमित संसाधनों के लिए संचालक श्री भार्गव ने उपसंचालक कृषि केपी भगत को आवश्यक यंत्रों, नलकूप खनन की मांग का प्रस्ताव भेजने हेतु निर्देशित किया। उप संचालक कृषि द्वारा फार्म में अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं की जानकारी से संचालक श्री भार्गव को अवगत कराया।
परियोजना संचालक आत्मा रवि आम्रवंशी, द्वारा जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु किया जा रहे कार्यों के बारे में अवगत कराया तथा धान फसल की नरवाई प्रबंधन हेतु किये जा रहे प्रयास, प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर कृषक संगोष्ठियों के माध्यम से उर्वरकों का संतुलित उपयोग, अधिक रसायनों के उपयोग से बचने हेतु लगातार प्रचार प्रसार कर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान कृषक संघ के प्रतिनिधि द्वारा जिले का उर्वरक दूसरे जिले में न जाए इस हेतु लगाया गया प्रतिबंध से जिले के किसानों की उर्वरक की पूर्ति समय पर हो रही है। इस अवसर पर विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
13 views | Raisen, Madhya Pradesh | Nov 28, 2026