समाहरणालय परिसर में पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन।
आज दिनांक 24.08.2026 को समाहरणालय, शेखपुरा परिसर में पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना के तहत आमजनों को जागरूक करने एवं योजना का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कार्यपालक अभियंता बिजली के द्वारा जिला पदाधिकारी महोदय को जल जीवन हरियाली प्रतीक चिन्ह पौधे देकर सम्मानित किया गया।
शिविर का उद्घाटन श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी, शेखपुरा द्वारा दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिले के बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित हुए एवं योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
शिविर परिसर में विद्युत विभाग द्वारा योजना से संबंधित विशेष स्टॉल लगाए गए थे, जहां उपस्थित आमजनों को पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया गया। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आमजनों को योजना की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, शेखपुरा ने बताया कि जागरूकता शिविर के दौरान आमजनों द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए कुल 240 आवेदन प्राप्त किए गए।
जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा आमजनों से अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।