#बालाघाट
आबकारी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 980 किलो महुआ लाहन और 215 लीटर अवैध शराब जब्त
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में 10 सितंबर 2026 को अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 980 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 215 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
आबकारी वृत्त वारासिवनी एवं कटंगी क्षेत्र के बैगामोहल्ला, बीड़ी कालोनी एवं मलमटोला, बैहर क्षेत्र के ग्राम मोहबट्टा, गोहारा एवं कोहका तथा बालाघाट क्षेत्र के ग्राम टिटवा एवं बगदरा में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए। वारासिवनी क्षेत्र में एक आरोपी के कब्जे से 50 लीटर से अधिक शराब बरामद होने पर अजमानतीय अपराध का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण एवं संग्रहण से संबंधित जानकारी आबकारी अधिकारियों अथवा संबंधित पुलिस थाने को दें।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MP_STATE_Excise_Dept_of_MP_Government #minprdd