लूटपाट का विरोध करने पर फेरीवाले के सिर पर कट्टे के बट से हमला
एसएच-91 पर बाइक सवार बदमाशों ने दी गोली मारने की धमकी, विरोध करने पर किया हमला
मुरलीगंज (मधेपुरा)। मुरलीगंज-बिहारीगंज स्टेट हाईवे-91 पर कपड़ा बेचने वाले एक फेरीवाले से लूटपाट की कोशिश का मामला सामने आया है। विरोध करने पर बाइक सवार दो बदमाशों ने देसी कट्टा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। फेरीवाले के विरोध करने पर बदमाशों ने कट्टे के बट से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घायल की पहचान मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी धीरज सिंह, पिता महेंद्र नारायण सिंह के रूप में हुई है। धीरज सिंह ने बताया कि वह साइकिल पर कपड़े लेकर फेरी कर बेचने का काम करता है। इसी दौरान एसएच-91 पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोककर लूटपाट का प्रयास किया। दोनों बदमाश देसी कट्टे से लैस थे।
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। उसने बदमाशों को गोली चलाने की चुनौती दी, जिसके बाद बदमाशों ने कट्टे के बट से उसके सिर पर वार कर दिया। स्थानीय लोगों को आता देख बदमाश मौके से फरार हो गए। लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
मौके पर मौजूद चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार जितेश ने बताया कि घायल के सिर पर प्रहार किया गया था। जख्म में तीन-चार टांके लगाए गए हैं। फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है।
अपराधियों के बढ़े मनोबल पर उठाए सवाल
अस्पताल में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत कुमार ने घटना को लेकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “जब नूरुल हक थानाध्यक्ष के रूप में पदस्थापित थे, तब अपराधियों का मनोबल काफी कम था। उनके जाते ही अपराधियों ने बेखौफ होकर उत्पात मचाना शुरू कर दिया है।”
वहीं, प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लूटपाट का प्रयास किया गया था। लूटपाट में असफल रहने पर बदमाशों ने फेरीवाले के सिर पर प्रहार कर उसे घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
📹 Sanjay Kumar मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times