श्री पांवटा साहिब विकास मंच
विषय : एजेंडा 2027 - विकसित पांवटा साहिब : प्रस्तावित डिमांड चार्टर
पांवटा साहिब, 05 सितम्बर 2026
स्थानीय जनता से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों और श्री पांवटा साहिब क्षेत्र की वर्तमान मूलभूत आवश्यकताओं तथा भविष्योन्मुखी परियोजनाओं को दृष्टिगत रखते हुए श्री पांवटा साहिब विकास मंच द्वारा यह प्रस्तावित डिमांड चार्टर (अनुमानित बजट 500 करोड़ रु., रेल के अतिरिक्त) प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस चार्टर में 10 सूत्रीय मुख्य मांगों - विकास, कनेक्टिविटी, रेल, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य एवं उद्योग को शामिल किया गया है।
मंच द्वारा निर्णय लिया गया है कि इस प्रस्तावित चार्टर का फाइनल ड्राफ्ट दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न, श्रद्धेय डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी की पावन जयंती के अवसर पर अंगीकार किया जाएगा।
यदि उपरोक्त 10 मांगों के अतिरिक्त कोई अन्य बिंदु क्षेत्र के लिए अधिक महत्वपूर्ण प्रतीत होता है, तो क्षेत्र की जनता के सुझाव पर उस पर भी विचार किया जा सकता है।
यह मांग-पत्र समय रहते प्रदेश एवं केंद्र सरकार के साथ-साथ दोनों प्रमुख दलों के शीर्ष नेतृत्व को भी सौंपा जाएगा, जो आगामी विधानसभा चुनाव-2027 का मुख्य एजेंडा बनेगा।
पांवटा साहिब की राजनीति अब विकास के इस एजेंडे के इर्द-गिर्द ही घूमेगी। जाति और धर्म के वोट बैंक की राजनीति अब नहीं चलेगी - इसके लिए हम जी-जान लगा देंगे।
आने वाले समय में जन-संपर्क अभियान के तहत मध्यम श्रेणी की मांगों की एक अलग सूची भी तैयार की जाएगी।
क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता से अपील है कि विकास को व्यक्ति विशेष अर्थात किसी नेता से ऊपर रखें, तभी यह मिशन साकार होगा।
भवदीय,
श्री पांवटा साहिब विकास मंच
केवल विकास ही मुद्दा