इंटरनेशनल स्कूल ऑफ एक्सीलेंस,
में धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
राधा-कृष्ण की झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
देशआदेश
पांवटा साहिब। पांवटा साहिब स्थित इंटरनेशनल स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, तारूवाला में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण, ग्वाला और गोपियों की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां भी दीं।
छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा के रूप में सजकर कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे उत्सव की शोभा और बढ़ गई। विद्यालय में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में कई रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इनमें मटकी सजावट, बांसुरी, मोरमुकुट, पालना और मंदिर सजावट जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।
विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी कला और कल्पनाशीलता का सुंदर प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्या प्रीति शर्मा ने कहा कि जन्माष्टमी उत्सव मनाने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अली सर ने कहा कि कार्यक्रम भक्ति, उत्साह और उमंग के माहौल में संपन्न हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित सभी लोगों के लिए आनंददायक, प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बन गया।