इनरव्हील क्लब पांवटा साहिब ने शिक्षक दिवस पर चार सरकारी शिक्षकों को किया सम्मानित
देशआदेश
पांवटा साहिब, 3 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब पांवटा साहिब द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय जमनीवाला में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चार सरकारी शिक्षकों को उनकी निष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में चंद्रमणि शर्मा, मुख्य शिक्षक राजकीय प्राथमिक विद्यालय जामनीवाला; सीमा चौहान, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बायांकुआं; अर्पिता बंसल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिपलीवाला तथा राजुल चौहान, राजकीय पीएम श्री मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल रहे। सभी शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब की ओर से कहा गया कि “शिक्षक केवल पाठ नहीं पढ़ाते, बल्कि भविष्य का निर्माण करते हैं। उनके ज्ञान, संस्कार और समर्पण से आने वाली पीढ़ियों का व्यक्तित्व आकार लेता है।”
कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता एवं मौखिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथों को सही तरीके से धोने तथा दांतों की उचित सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
हाथ धोने और सही तरीके से ब्रश करने की तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, ताकि बच्चे इन स्वस्थ आदतों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना सकें।
बच्चों को स्वच्छता के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डेंटल हाइजीन किट एवं साबुन भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जोनल कोऑर्डिनेटर सुनीता शर्मा, क्लब अध्यक्ष गुरमीत कौर नरंग, आईपीपी रितु गुप्ता, आईएसओ शैल्ली अग्रवाल, एग्जीक्यूटिव सदस्य सुमन गुप्ता एवं हरलीन चौधरी तथा सदस्य मीनू भल्ला, शिवानी वर्मा, शिवानी अग्रवाल और स्वीटी चावला सहित ओ.पी. शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह कार्यक्रम शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छता की आदतें विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। इनरव्हील क्लब पांवटा साहिब का यह प्रयास उसके सेवा भाव और “Flourish and Grow” की भावना को सार्थक रूप से प्रतिबिंबित करता है।