#भरतपुर। राज्य सरकार के 'वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान' के तहत मंगलवार को बयाना नगर पालिका प्रशासन द्वारा एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने कमल हौज बांध पर एकत्रित होकर श्रमदान किया, जिससे वहां साफ-सफाई की गई और बाद में दीपदान कर जल संरक्षण व पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया। नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी अनिता कुमारी ने जल को जीवन का आधार बताते हुए प्रत्येक नागरिक से पानी का दुरुपयोग रोकने और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इसके बाद अभियान के दूसरे चरण में पालिका टीम ने कस्बे के गांधी चौक और अंबेडकर पार्क पहुंचकर महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की और उन पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान जेईएन कुणाल सिंघल, सफाई निरीक्षक पवन कुमार और कैशियर दीपक गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने आमजन से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहकर इस राजकीय अभियान को सफल बनाने की अपील की।