प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के 21 हितग्राहियों को मौके पर वितरित किए ऋण स्वीकृति पत्र
एमएसएमई विकास कार्यालय द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 100 हितग्राहियों ने लिया भाग, बैंकिंग एवं मार्केटिंग की दी गई जानकारी
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों को वित्तीय सहायता, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एमएसएमई विकास कार्यालय ग्वालियर द्वारा नगर निगम मुरैना के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उप निदेशक, एमएसएमई भारत सरकार श्री राजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हितग्राहियों को बैंकिंग सुविधाओं, ऋण प्रक्रिया, उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन संबंधी जानकारी देकर उनके पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहित करना तथा स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री राजीव कुमार ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के 21 हितग्राहियों को मौके पर ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर हितग्राहियों ने योजना के माध्यम से प्राप्त वित्तीय सहयोग के लिए भारत सरकार, जिला प्रशासन एवं बैंकिंग तंत्र के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि श्री राजीव कुमार ने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऋण राशि का सदुपयोग कर अपने पारंपरिक व्यवसाय को और अधिक सुदृढ़ बनाएं। उत्पादों की गुणवत्ता, बेहतर ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दें, जिससे उन्हें अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार मिल सके। उन्होंने हितग्राहियों को स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एलडीएम श्री सिद्धार्थ कुमार, सहायक संचालक ग्रामोद्योग श्री जगदीश यादव, सहायक संचालक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री संजय सिंह चौहान, सहायक संचालक ग्रामोद्योग तकनीकी श्री धर्मेन्द्र बाथम, सेडमैप के मार्केटिंग फैकल्टी श्री आर.के. शर्मा तथा शासकीय आईटीआई के प्राचार्य श्री अमित कुलश्रेष्ठ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लगभग 100 हितग्राहियों ने सहभागिता कर योजना के विभिन्न प्रावधानों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन एमएसएमई विकास कार्यालय ग्वालियर की सहायक निदेशक श्रीमती निकुंज शर्मा ने किया तथा आभार सहायक संचालक ग्रामोद्योग श्री जगदीश यादव ने व्यक्त किया।
CM Madhya Pradesh #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh
Morena, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026