समग्र शिक्षा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के सामाजिक अंकेक्षण के लिए ग्राम सामाजिक एनिमेटर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
प्रशिक्षणार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
समग्र शिक्षा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ग्राम सामाजिक एनिमेटर्स (व्हीएसए) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 से 20 नवम्बर 2026 तक सेंट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), मुरैना में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुलदीप श्रीवास्तव ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
प्रशिक्षण के दौरान श्री श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को सामाजिक अंकेक्षण के महत्व, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की स्थिति का आकलन किया जा सकता है।
इस अवसर पर सेंट आरसेटी मुरैना के निदेशक श्री मुनीश्वर शाक्य ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा संस्थान की गतिविधियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
प्रशिक्षण सत्रों का संचालन जिला पंचायत मुरैना के सामाजिक अंकेक्षण जिला समन्वयक एवं मास्टर ट्रेनर श्री देवेंद्र वर्मा द्वारा किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ग्राम सामाजिक एनिमेटर्स चिन्हित शालाओं में समग्र शिक्षा के अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण का कार्य करेंगे तथा निर्धारित प्रारूप में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
#Morena #JansamparkMP