बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित हुई जागरूकता कार्यशाला, बाल विवाह की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों की भूमिका पर हुई चर्चा
बाल विवाह में संलिप्त माता-पिता, परिजन, धर्मगुरु एवं सेवा प्रदाताओं के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान
कलेक्टर के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों, बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों तथा इसकी प्रभावी रोकथाम में विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में बताया गया कि कानून के अनुसार बालिका के विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा बालक के विवाह की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से कम में विवाह करना कानूनन अपराध है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत बाल विवाह में संलिप्त पाए जाने वाले माता-पिता, परिजन, विवाह संपन्न कराने वाले धर्मगुरु, बाराती, घराती तथा विवाह में सहयोग करने वाले सेवा प्रदाताओं के विरुद्ध वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई किए जाने का प्रावधान है।
कार्यशाला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती दिनेश राणा ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को जागरूक होना होगा। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देना, बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
इस दौरान बताया गया कि बाल विवाह के मामलों में परिस्थितियों के अनुसार लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के प्रावधानों के तहत भी पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। बाल विवाह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। अतः इसे रोकने के लिए प्रशासनिक अमले के साथ-साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
कार्यशाला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्री दिनेश राणा, डीएलओ श्री भदौरिया, पुलिस विभाग की महिला सुरक्षा शाखा प्रभारी श्रीमती राजकुमारी परमार, महिला थाना प्रभारी श्रीमती नेहा शर्मा, वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती अपूर्वा चौधरी एवं संरक्षण अधिकारी श्री ब्रजराज शर्मा सहित विभिन्न सेवा प्रदाता, शहरी एवं ग्रामीण पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा वन स्टॉप सेंटर का स्टाफ उपस्थित रहा।
#BalVivahMuktBharat #Morena #JansamparkMP #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh