दमयंती नगर तहसील में लापरवाही पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई: एसडीएम हटाए को हटाकर तहसीलदार को किया निलंबित
जांच में सामने आई थी कई गंभीर अनियमितताएं
दमोह। दमयंती नगर तहसील में राजस्व प्रकरणों और आमजन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कार्रवाई की है। आज शनिवार दोपहर करीब 1 बजे एसडीएम सौरभ गंधर्व को पद से हटाया गया, जबकि तहसीलदार रॉबिन जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। फिलहाल नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी को तहसील का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मामले में कलेक्टर ने शनिवार दोपहर 1 बजे जानकारी देते हुए बताया कि सीएम हेल्पलाइन, नामांतरण, राजस्व प्रकरणों और हल्का स्तर के कार्यों का समय पर निराकरण नहीं होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सागर से आई टीम के माध्यम से विभिन्न तहसीलों का निरीक्षण कराया गया। जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए तहसील स्तर पर ही शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद शिकायतें मिलने पर औचक जांच के लिए अधिकारियों के 11 दल बनाए गए। कलेक्टर ने कहा कि जांच में अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदारों और पटवारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण शासन की प्राथमिकता है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Damoh, Damoh | Oct 10, 2026