खाली प्लाट में पड़े वेस्ट में लगी आग, दमकल ने पाया काबू
पानीपत:
तहसील कैंप के फतेहपुरी चौक पर वीरवार रात करीब साढ़े 10 बजे खाली प्लाट में पड़े वेस्ट में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। रात करीब 10:40 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। शुरुआती तौर पर पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
दमकल विभाग के अमित गोस्वामी ने बताया कि वार्ड पार्षद अंजलि शर्मा की ओर से आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी को मौके पर रवाना कर दिया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई है।