अर्नब चक्रवात का असर: लक्ष्मी पूजा की मूर्तियां बनाने वाले मूर्तिकारों पर गहराया संकट, समय से ऑर्डर पूरा करने की चुनौती
महराजगंज। अर्नब चक्रवात के प्रभाव से मौसम में आए बदलाव ने दीपावली पर लक्ष्मी पूजा की तैयारियों को प्रभावित कर दिया है। इसका सबसे अधिक असर मां लक्ष्मी जी, भगवान श्री गणेश और मां सरस्वती जी की प्रतिमाएं बनाने वाले मूर्तिकारों पर पड़ा है। बारिश और प्रतिकूल मौसम के चलते मूर्तियों को समय से तैयार कर आयोजक समितियों तक पहुंचाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
दीपावली के अवसर पर तीन दिवसीय लक्ष्मी पूजा का आयोजन किया जाता है। इसके लिए विभिन्न पूजा समितियों ने मूर्तिकारों को पहले से ही प्रतिमाओं के ऑर्डर दे रखे हैं। मूर्तिकारों को निर्धारित समय पर प्रतिमाएं उपलब्ध करानी हैं, लेकिन मौसम की मार ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसके बावजूद उन्हें आशंका है कि निर्धारित समय पर सभी ऑर्डर पूरे कर पाना मुश्किल हो सकता है। दूसरी तरफ, कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण धान की फसल तैयार होने के चलते अधिकांश मजदूर और कारीगर खेतों में व्यस्त हैं। ऐसे में मूर्तियां बनाने के लिए अतिरिक्त कारीगर और हेल्पर भी नहीं मिल पा रहे हैं।
गोरखपुर के कैम्पियरगंज में मछलीगाँव चौराहे पर स्थित प्रजापति मूर्ति कला केंद्र के संचालक राम केवल एवं विष्णु प्रजापति ने बताया कि इस वर्ष अर्नब चक्रवात के कारण मूर्तियां बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सभी आयोजक समितियों को फोन के माध्यम से सूचना दी जा रही है कि उनकी बुक की गई मूर्तियां निर्धारित समय से एक दिन बाद उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने बताया कि एक तरफ मौसम की मार है तो दूसरी तरफ कारीगरों की कमी ने काम और मुश्किल कर दिया है। अधिक से अधिक लोगों को लगाकर मूर्तियों को तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पूजा समितियों को समय से प्रतिमाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
#PublicMaharajganj #MaharajganjNews #BreakingNews #ArnabCyclone #Cyclone #Diwali2026 #LakshmiPuja #Murtikar #Maharajganj #UPNews #DiwaliPreparation