मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियां तेज: एडीएम ने हड़सर-धनछो ट्रैक का किया निरीक्षण, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के निर्देश
भरमौर, 9 जून।
विश्व प्रसिद्ध पवित्र मणिमहेश यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए भरमौर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को एडीएम भरमौर विकास शर्मा के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग तथा वन्य प्राणी प्रभाग (डीएफओ वाइल्डलाइफ) की संयुक्त टीम ने हड़सर से धनछो तक पैदल यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम विकास शर्मा ने हड़सर-धनछो ट्रैक पर पैदल चलकर विभिन्न स्थलों का जायजा लिया और पिछले वर्ष मानसून के दौरान हुई भारी बारिश एवं भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए हिस्सों का आकलन किया। उन्होंने बताया कि प्रभावित मार्गों के वैकल्पिक रास्तों के निर्माण और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं, ताकि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
एडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि असुरक्षित एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुदृढ़ीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान यह भी तय किया गया कि जिन स्थानों पर पिछले वर्ष पुलों को नुकसान पहुंचा था, वहां वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के सहयोग से लकड़ी के अस्थायी पुल स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक तकनीकी आंकलन और स्थल चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एडीएम ने कहा कि मौसम की चुनौतियों और पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने समय रहते तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।