CM के दौरे से पहले सपा का हमला, अब्दुल कलाम बोले – सौगात देंगे या सिर्फ घोषणाएं करेगे
संतकबीरनगर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष और मेहदावल के पूर्व विधायक अब्दुल कलाम ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री जिले को नई सौगात देने आ रहे हैं या फिर केवल घोषणाएं करने आ रहे हैं।
अब्दुल कलाम ने दावा किया कि जिले के अधिकांश बड़े विकास कार्य समाजवादी पार्टी सरकार की देन हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका बकरी पालन एवं पशु चिकित्सालय आज भी अधूरा पड़ा है, वहीं सिमरिया आईटीआई कॉलेज भी वर्षों से पूरा नहीं हो सका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विकास योजनाओं को पूरा कराने में विफल रही है और जनता को केवल वादे मिल रहे हैं। सपा नेता ने लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड का जिक्र करते हुए सरकार की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे से जिले की जनता को बड़ी उम्मीदें हैं और लोग जानना चाहते हैं कि उन्हें वास्तव में क्या नई सौगात मिलने वाली है। साथ ही उन्होंने अधूरी परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग की।