समाहरणालय स्थित संगीति सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आईसीडीएस के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा जिले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। जिले में कुल 718 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं।
इनमें से 217 केंद्रों का संचालन विभागीय भवन में किया जा रहा है। जवकि 361 आंगनबाड़ी केंद्र वर्तमान में किराए के मकानों में संचालित किये जा रहे हैं। शेष केंद्र अन्य सरकारी भवनों, जैसे विद्यालय, सामुदायिक भवन, किसान भवन आदि में संचालित किए जा रहे हैं। 22 पूर्व में निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र जो वर्तमान में जर्जर स्थिति में है तथा जिसकी मरम्मति नही की जा सकती उनके लिए नए भवन निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया गया।
उप विकास आयुक्त महोदय ने किराए के मकानों में चल रहे सभी 361 आंगनबाड़ी केंद्रों को निकटवर्ती सरकारी विद्यालयों अथवा अन्य सरकारी भवनों में शिफ्ट करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि विद्यालयों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए अलग से किचन (रसोई घर) की व्यवस्था की जाए।
यदि विद्यालय में कमरों की कमी है, तो आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कमरों के निर्माण कराया जायेगा। इसके अतिरिक्त अन्य सरकारी भवनो में संचालित केन्द्रो में मरम्मती की आवश्यकता हो तो सम्बंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर मरम्मती कार्य भी कराया जायेगा।
इस समीक्षा बैठक में निदेशक राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी , शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, जिला समन्वयक, पोषण अभियान तथा जेंडर स्पेशलिस्ट, सभी महिला पर्यवेक्षिका सहित संबंधित विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे।