बहनों का सम्मान सरकार की पहचान कार्यक्रम अंतर्गत सदर अस्पताल, शेखपुरा में अनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान का शुभारंभ।
आज दिनांक 25 अगस्त 2026 को
स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा शुभारंभ किया गया जिसका लाइव प्रसारण के माध्यम से जुड़कर अनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान के अंतर्गत सदर अस्पताल, शेखपुरा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनीमिया की रोकथाम, जांच एवं उपचार के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा लाभार्थियों की हीमोग्लोबिन जांच की गई।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार सिंह, अधीक्षक, सदर अस्पताल शेखपुरा, डॉ. नौशाद आलम, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल शेखपुरा एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, शाकिर खान, जिला योजना समन्वयक, प्रभाष पाण्डेय, बीसीएम, धीरज कुमार, अस्पताल प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे। इस अभियान के तहत कुल 245 लाभार्थियों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लाभार्थियों को एनीमिया के लक्षण, कारण, बचाव एवं उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अशोक कुमार सिंह, अधीक्षक, सदर अस्पताल शेखपुरा ने कहा कि एनीमिया विशेष रूप से किशोरियों, महिलाओं एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। एनीमिया की समय पर पहचान एवं उचित उपचार बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, आयरन एवं पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार लें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आयरन-फोलिक एसिड की दवाओं का चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित सेवन करें। उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त बिहार का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य विभाग का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता आवश्यक है।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाकर एनीमिया की जांच, उपचार एवं रोकथाम संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और एनीमिया मुक्त बिहार के संकल्प को साकार करना है।
एनीमिया को पहचानें, जांच कराएं—स्वस्थ रहें, एनीमिया मुक्त बिहार बनाएं।