नशा मुक्त परिवार, नशा मुक्त भारत 2.0 के लिए एबीएचआरओ ने कसी कमर
एबीएचआरओ ने नए पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ समाज सेवा और मानवाधिकार रक्षा का लिया संकल्प
समाज को सशक्त और सुरक्षित बनाने का एक संकल्प है एबीएचआरओ का नशा मुक्त अभियान 2.0 : डा. हवा सिंह तंवर
भिवानी, 09 नवंबर : अखिल भारतीय मानवाधिकार संगठन (एबीएचआरओ) ने नशा मुक्ति अभियान 2.0 को जन-जन तक पहुंचाने और मानवाधिकारों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपनी सांगठनिक गतिविधियों को तेज़ कर दिया है। इसी कड़ी में संगठन द्वारा भिवानी में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें नशा मुक्त समाज के निर्माण पर गहराई से मंथन किया गया तथा नए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों की घोषणा की गई।
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव डा. हवा सिंह तंवर की उपस्थिति रही। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ समाज से नशे की बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव डा. हवा सिंह तंवर ने कहा कि नशा मुक्त परिवार, नशा मुक्त भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज को सशक्त और सुरक्षित बनाने का एक संकल्प है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नशा आज की युवा पीढ़ी और परिवारों को अंदर से खोखला कर रहा है। जब तक हर परिवार नशे के खिलाफ जागरूक नहीं होगा, तब तक एक सशक्त भारत का निर्माण संभव नहीं है। संगठन का हर कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को नशा छोडऩे के लिए प्रेरित करेगा।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा की गई, जिसमें वेद प्रकाश सिंह को एबीएचआरओ का स्टेट सेक्रेटरी को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया। वेद प्रकाश सिंह हरियाणा सरकार में डिप्टी डायरेक्टर (ऑडिट) फाईनेंस के पद पर कार्यरत थे। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और नशा मुक्ति अभियान के प्रति समर्पण को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। ठाकुर रणधीर सिंह को भिवानी जिला संगठन सचिव (किसान प्रकोष्ठ) की जिम्मेदारी सौंपी गई। नरेन्द्र सिंह चौहान को भिवानी का जिला संगठन सचिव मनोनीत किया गया। संदीप सिंह तंवर और श्याम सिंह को भिवानी यूनिट सदस्य के रूप में शामिल किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जिम्मेदारी संभालते ही निष्ठापूर्वक कार्य करने और नशा मुक्ति अभियान को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया।
इस आयोजन में कानूनी विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लेकर संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। बैठक में विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय संगठन सचिव ङ्कद्बठ्ठशस्र जिंदल उपस्थित रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष (अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा) कुंवर ओमबीर सिंह तंवर भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। इनके अलावा बैठक में राज्य सलाहकार अधिवक्ता कांती कौशिक, राज्य सचिव अधिवक्ता अनिल तंवर, सचिव कार्यालय अधिवक्ता जयभगवान शर्मा, अधिवक्ता पवन परमार, मुकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।