विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल एवं श्री देवसर धाम सेवा जनकल्याण सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट देवसर ने पुलिस जवानों के समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा का किया सम्मान
त्योहारों पर परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों का समर्पण सराहनीय : गोपाल तंवर
भिवानी, 09 नवंबर : दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और खुशियां बांटने का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल भिवानी के जिला मंत्री एवं श्री देवसर धाम सेवा जनकल्याण सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट देवसर से जुड़े गोपाल तंवर ने दीपावली के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी निभा रहे पुलिस प्रशासन के जवानों से मुलाकात की और उन्हें मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान गोपाल तंवर ने पुलिसकर्मियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान दिन-रात आमजन की सुरक्षा और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहते हैं। जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ त्योहार मना रहा होता है, उस समय भी पुलिसकर्मी अपनी खुशियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों से ऊपर उठकर सडक़ों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे होते हैं। गोपाल तंवर ने कहा कि पुलिसकर्मियों का यह समर्पण वास्तव में सम्मान के योग्य है। समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व बनता है कि वह देश और समाज की सेवा में जुटे इन कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करे। उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों को मिठाई खिलाकर दीपावली की खुशियां साझा करना उनका एक छोटा-सा प्रयास है, ताकि उन्हें भी त्योहार के अवसर पर अपनत्व और सम्मान का एहसास हो सके। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और मिठाइयां बांटने का पर्व नहीं है, बल्कि यह दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का अवसर भी है। हमें त्योहारों की खुशियां केवल अपने परिवार तक सीमित न रखकर उन लोगों के साथ भी बांटनी चाहिए, जो समाज की सुरक्षा और सेवा के लिए दिन-रात समर्पित रहते हैं। अंत में गोपाल तंवर ने सभी पुलिसकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।