भिवानी की बेटी प्रीति कौशिक ने एचसीएस परीक्षा में गाड़े झंडे, पूरे प्रदेश में हासिल किया 12वां रैंक
इनकम टैक्स ऑफिसर से अब एचसीएस अधिकारी बनी प्रीति कौशिक, पैतृक गांव बड़ाला पहुंचने पर हुआ स्वागत
बेटियों को सही मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में बन सकती हैं मील का पत्थर : रमेश सैनी
भिवानी, 09 नवंबर : भिवानी जिला एक बार फिर शिक्षा, खेल और प्रशासनिक सेवाओं में अपनी अनूठी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है। जिले की एक और बेटी ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर पूरे हरियाणा में भिवानी का मान बढ़ाया है। गांव बड़ाला की रहने वाली प्रीति कौशिक ने हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में 12वां रैंक प्राप्त किया है। खास बात यह है कि इससे पहले प्रीति इनकम टैक्स ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं, लेकिन उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज सेवा का दायरा और बड़ा करना था। सोमवार को जब प्रीति कौशिक अपने पैतृक गांव बड़ाला पहुंची तो ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के साथ उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया। कार्यक्रम में सान्निध्य हनुमान जोहड़ी मंदिर के महंत चरणदास महाराज का रहा।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों और शिक्षाविदों में भारी उत्साह देखने को मिला। महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने बेटी प्रीति को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रीति कौशिक ने साबित कर दिया है कि यदि बेटियों को उचित अवसर और सही मार्गदर्शन मिले, तो वे किसी भी क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि आज भिवानी की बेटियां अपनी मेहनत के बल पर देश और समाज का भविष्य तय कर रही हैं। प्रीति की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस मौके पर शिक्षाविद् कैलाश कौशिक ने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में बेटियों का बढ़ता कदम एक सशक्त और प्रगतिशील समाज की सबसे मजबूत बानगी है। उन्होंने कहा कि प्रीति ने अपनी लगन और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है। इनकम टैक्स ऑफिसर से लेकर एचसीएस तक का उनका यह सफर यह सिखाता है कि बड़े सपने देखने वाले और उनके लिए निरंतर संघर्ष करने वाले कभी असफल नहीं होते। शिक्षाविद् ने उम्मीद जताई कि प्रीति एक कुशल प्रशासक के रूप में जनहित के कार्यों में मिसाल कायम करेंगी।
स्वागत समारोह के दौरान प्रीति कौशिक ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिजनों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया। गांव में जश्न का माहौल है और हर कोई इस होनहार बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है। इस अवसर पर प्राचार्य हरिपाल शर्मा, मदनलाल, कृष्णा लाल, जितेंद्र सरपंच, नरेश गौतम सरपंच, बजरंग सरपंच, महाबीर कौशिक जीएम, सतबीर जिला परिषद, मयंक कौशिक, राजेंद्र, चेतन, मोहित, रोहित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।