जन्मदिन पर छात्र ने किया पौधारोपण, विद्यालय ने कलम भेंट कर दी शुभकामनाएं
खिजरसराय (गया)। मध्य विद्यालय केनी, खिजरसराय में कक्षा 8 के छात्र शिव कुमार का जन्मदिन अनूठे अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में इको क्लब के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में इको क्लब के सभी सदस्यों एवं विद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति में छात्र शिव कुमार ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शिक्षकों ने बताया कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर पौधारोपण करने से विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है।
विद्यालय परिवार की ओर से छात्र शिव कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए एक कलम भेंट की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता की कामना की गई। इस अवसर पर सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।